रेडियो से जुड़ी मेरी यादें और विभिन्न उदघोषक (भाग-1)
All India Radio Announcers Pronunciation
“रेडियो” का नाम आते ही एक रोमांटिक सा अहसास मन पर तारी हो जाता है, रेडियो से मेरे जुड़ाव की याद मुझे बहुत दूर यानी बचपन तक ले जाती है। आज भी मुझे अच्छी तरह से याद है कि सन 1975 में जब हमारा परिवार सीधी (मप्र में रीवा/चुरहट से आगे स्थित) में रहता था और मैं शायद छठवीं-सातवीं में पढ़ता था। घर पर एक विशाल सा रेडियो था बुश बैरन (Bush Baron) का, आठ बैंड का, चिकनी लकड़ी के कैबिनेट वाला, वाल्व वाला। उस जमाने में ट्रांजिस्टर नहीं आये थे, वाल्व के रेडियो आते थे, जिन्हें चालू करने के बाद लगभग 2-3 मिनट रुकना पड़ता था वाल्व गरम होने के लिये। उन रेडियो के लिये लायसेंस भी एक जमाने में हुआ करते थे, उस रेडियो में एक एंटीना लगाना पड़ता था। वह एंटीना यानी तांबे की जालीनुमा एक बड़ी सी पट्टी होती थी जिसे कमरे के एक छोर से दूसरे छोर पर बाँधा जाता था। उस जमाने में इस प्रकार का रेडियो भी हरेक के यहाँ नहीं होता था और “खास चीज़” माना जाता था, और जैसा साऊंड मैने उस रेडियो का सुना हुआ है, आज तक किसी रेडियो का नहीं सुना। बहरहाल, उस रेडियो पर हमारी माताजी सुबह छः बजे मराठी भक्ति गीत सुनने के लिये रेडियो सांगली, रेडियो परभणी और रेडियो औरंगाबाद लगा लेती थीं, जी हाँ सैकड़ों किलोमीटर दूर भी, ऐसा उस रेडियो और एंटीना का पुण्य-प्रताप था, सो रेडियो से आशिकाना बचपन में ही शुरु हो गया था।
सीधी में उन दिनों घर के आसपास घने जंगल हुआ करते थे, सुबह रेडियो की आवाज से ही उठते थे और रेडियो की आवाज सुनते हुए ही नींद आती थी। उन दिनों मनोरंजन का घरेलू साधन और कुछ था भी नहीं, हम लोग रात 8.45 पर सोने चले जाते थे, (आजकल के बच्चे रात 12 बजे भी नहीं सोते), उस समय आकाशवाणी से रात्रिकालीन मुख्य समाचार आते थे, और श्री देवकीनन्दन पांडेय की गरजदार और स्पष्ट उच्चारण वाली आवाज “ये आकाशवाणी है, अब आप देवकीनन्दन पांडे से समाचार सुनिये…” सुनते हुए हमें सोना ही पड़ता था, क्योंकि सुबह पढ़ाई के लिये उठना होता था और पिताजी वह न्यूज अवश्य सुनते थे तथा उसके बाद रेडियो अगली सुबह तक बन्द हो जाता था। देवकीनन्दन पांडे की आवाज का वह असर मुझ पर आज तक बाकी है, यहाँ तक कि जब उनके साहबजादे सुधीर पांडे रेडियो/फ़िल्मों/टीवी पर आने लगे तब भी मैं उनमें उनके पिता की आवाज खोजता था। रेडियो सांगली और परभणी ने बचपन के मन पर जो संगीत के संस्कार दिये और देवकीनन्दन पांडे के स्पष्ट उच्चारणों का जो गहरा असर हुआ, उसी के कारण आज मैं कम से कम इतना कहने की स्थिति में हूँ कि भले ही मैं तानसेन नहीं, लेकिन “कानसेन” अवश्य हूँ। विभिन्न उदघोषकों और गायकों की आवाज सुनकर “कान” इतने मजबूत हो गये हैं कि अब किसी भी किस्म की उच्चारण गलती आसानी से पचती नहीं, न ही घटिया किस्म का कोई गाना। अस्तु…
जब थोड़े और बड़े हुए और चूंकि पिताजी की ट्रांसफ़र वाली नौकरी थी, तब हम अम्बिकापुर (सरगुजा छत्तीसगढ़) और छिन्दवाड़ा में कुछ वर्षों तक रहे। उस समय तक घर में “मरफ़ी” का एक टू-इन-वन तथा “नेल्को” कम्पनी का एक ट्रांजिस्टर आ चुका था (और शायद ही लोग विश्वास करेंगे कि नेल्को का वह ट्रांजिस्टर -1981 मॉडल आज भी चालू कंडीशन में है और उसे मैं दिन भर सुनता हूँ, और मेरी दुकान पर आने वाले ग्राहक उसकी साउंड क्वालिटी से रश्क करते हैं, उन दिनों ट्रांजिस्टर में FM बैंड नहीं आता था, इसलिये इसमें मैंने FM की एक विशेष “प्लेट” लगवाई हुई है, जो कि बाहर लटकती रहती है क्योंकि ट्रांजिस्टर के अन्दर उसे फ़िट करने की जगह नहीं है)। बहरहाल, मरफ़ी के टू-इन-वन में तो काफ़ी झंझटें थी, कैसेट लगाओ, उसे बार-बार पलटो, उसका हेड बीच-बीच में साफ़ करते रहो ताकि आवाज अच्छी मिले, इसलिये मुझे आज भी ट्रांजिस्टर ही पसन्द है, कभी भी, कहीं भी गोद में उठा ले जाओ, मनचाहे गाने पाने के लिये स्टेशन बदलते रहो, बहुत मजा आता है। उन दिनों चूंकि स्कूल-कॉलेज तथा खेलकूद, क्रिकेट में समय ज्यादा गुजरता था, इसलिये रेडियो सुनने का समय कम मिलता था।
शायद मैं इस बात में कोई अतिश्योक्ति नहीं कर रहा हूँ कि मेरी उम्र के उस समय के लोगों में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं होगा जिसने रेडियो सीलोन से प्रसारित होने वाला “बिनाका गीतमाला” और अमीन सायानी की जादुई आवाज न सुनी होगी। जिस प्रकार एक समय रामायण के समय ट्रेनें तक रुक जाती थीं, लगभग उसी प्रकार एक समय बिनाका गीतमाला के लिये लोग अपने जरूरी से जरूरी काम टाल देते थे। हम लोग भोजन करने के समय में फ़ेरबदल कर लेते थे, लेकिन बुधवार को बिनाका सुने बिना चैन नहीं आता था। जब अमीन सायानी “भाइयों और बहनों” से शुरुआत करते थे तो एक समाँ बंध जाता था, यहाँ तक कि हम लोग उनकी “सुफ़ैद” (जी हाँ अमीन साहब कई बार सफ़ेद को सुफ़ैद दाँत कहते थे) शब्द की नकल करने की कोशिश भी करते थे। रेडियो सीलोन ने अमीन सायानी और तबस्सुम जैसे महान उदघोषकों को सुनने का मौका दिया। तबस्सुम की चुलबुली आवाज आज भी जस की तस है, मुझे बेहद आश्चर्य होता है कि आखिर ये कैसे होता है? उन दिनों ऑल इंडिया रेडियो की उर्दू सर्विस का दोपहर साढ़े तीन बजे आने वाला फ़रमाइशी कार्यक्रम हम अवश्य सुनते थे। “ये ऑल इंडिया रेडियो की उर्दू सर्विस है, पेश-ए-खिदमत है आपकी पसन्द के फ़रमाइशी नगमें…”, जिस नफ़ासत और अदब से उर्दू शब्दों को पिरोकर “अज़रा कुरैशी” नाम की एक उदघोषिका बोलती थीं ऐसा लगता था मानो मीनाकुमारी खुद माइक पर आन खड़ी हुई हैं।
“क्रिकेट और फ़िल्मों ने मेरी जिन्दगी को बरबाद किया है”, ऐसा मेरे पिताजी कहते हैं… तो भला क्रिकेट और कमेंट्री से मैं दूर कैसे रह सकता था। इस क्षेत्र की बात की जाये तो मेरी पसन्द हैं जसदेव सिंह, नरोत्तम पुरी और सुशील दोषी। तीनों की इस विधा पर जबरदस्त पकड़ है। खेल और आँकड़ों का गहरा ज्ञान, कई बार जल्दी-जल्दी बोलने के बावजूद श्रोता तक साफ़ और सही उच्चारण में आवाज पहुँचाने की कला तथा श्रोताओं का ध्यान बराबर अपनी तरफ़ बनाये रखने में कामयाबी, ये सभी गुण इनमें हैं। फ़िलहाल इतना ही…
अगले भाग में विविध भारती और टीवी के कुछ उदघोषकों पर मेरे विचार (भाग-2 में जारी………)
Radio in India, Radio Ceylone, Vividh Bharti, Akashvani, Doordarshan, Devkinandan Pandey, Ameen Sayani, Tabassum, Hindi Radio Programmes, All India Radio, Cricket Commentary on Radio, Jasdev Singh, Narottam Puri, Sushil Doshi, भारत में रेडियो का प्रसार, रेडियो सीलोन, आकाशवाणी, विविध भारती, दूरदर्शन, अमीन सायानी, तबस्सुम, ऑल इंडिया रेडियो, क्रिकेट कमेंट्री, जसदेव सिंह, नरोत्तम पुरी, सुशील दोषी, Blogging, Hindi Blogging, Hindi Blog and Hindi Typing, Hindi Blog History, Help for Hindi Blogging, Hindi Typing on Computers, Hindi Blog and Unicode



10 comments:
अच्छी पोस्ट है.
कई पुरानी बातें याद हो आई जैसे अमीन सयानी और बिनाका जीत माला. जिसकी तर्ज़ पर बाद मे सिबाका गीत माल भी शुरू हुआ. पिताजी के साथ सुने एक कार्यक्रम "हवा महल" की कई यादे ताजा हो आयीं.
लेकिन मैं रेडियो सुनने मे लाइसेंस और एंटीना के ज़माने के बहुत बात आया.
फ़िर बहुत अच्छा लगा आपकी पोस्ट पढ़कर.
मेरे जैसे कई लोगों को इन आवाज़ों ने प्रेरित किया. पूज्य पिताजी श्री नरहरि पटेल एक ज़माने में आकाशवाणी इन्दौर की लोकप्रिय आवाज़ रहे हैं और वे बताते हैं कि वे अपने बचपन में मटके में मुँह डालकर कुछ डायलॉग बोला करते. जब आवाज़ गूँजती तो वे कहते ये आकाशवाणी है अब आप देवकीनंदन पाण्डे से समाचार सुनिये. शायद यही बाल प्रेरणा उन्हें रेडियो की प्राइम वॉइस वनाने में मददगार रही. आपने अमीन भाई के सुफ़ैद वाली बात ख़ूब कही . मैं खुद एक स्पॉट रेकार्ड करवाने मुम्बई गया था. ब्रॉड था आपके ही उज्जैन का तरल नील चमको. उसकी एक पंच लाइन में अमीन भाई सुफ़ैद ही बोले थे...आपकी इस पोस्ट से अमीन भाई से वह मुलाक़ात याद आ गई.
वाह ऐसी ही हैं हमारी यादें एक सुंदर श्रृंखला । :)
सुनहरी यादों को मेरा सलाम
लिखते रहिये.... हम तो थोड़े बाद के हैं पर आपकी यादें अच्छी लग रही हैं....
हमने तो पूरी पोस्ट ही यहाँ से चोरी करली है.. रेडियोनामा पर लगाई जाने वाली पोस्ट आपने यहाँ लगाई ही क्यों? चलिये माफी मांगिये।
:)
अब इसका दूसरा भाग रेडियोनामा पर ही प्रकाशित होगा ना..?
It is really very very good and very much resemblance to my experience.
We lived in Raja than , Jodhpur and Bikaner. The Akashavni Pune , Sangli , Parbhani and sometimes Jalgaon was the only source of Marathi , in Marwar region.
We also had a Bush radio though 4 bands. It is till with us and working, though we lost the copper wire mesh antenna in transport. The radio license fees stamps are still part of my Stamps collection.
But one thing you missed. How can you miss your BBC experience? How can you forget "Aaajakal…..Ting Ting Ting……. Namaskar... Ratnakar Bhartiya ki or se.....
Many more such things... keep up writing.. I am following you...
Many thanks for reviving the olden golden memories...
Sirjee, 2nd part kab post karoge? Itne din beete, intezaar hi kar rahe hain.
Khair, radio pe kai karyakram, jaise shaam ko hawamahal, savere raag pe aadhareet filmi gaane ityadi, aur subah bhajan.
waise, urdu mein safed ko sufaid hi bola jata hai, Aminji ne koi galati nahi ki..
yes suresh kai yade taja ho gayi 1975 ka hockey vishwa cup hamne radio dwara hi DEKHA THA Jasdev singh jaise commentator se
Post a Comment